औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-19 स्थित प्रतापपुरा ओवरब्रिज पर सड़क पर अचानक गौवंश आ जाने से भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक DCM चालक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक गौवंश आने पर आगे चल रही DCM के चालक ने ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी DCM के चालक ने संतुलन खो दिया और आगे वाले वाहन में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दूसरी DCM का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और NHAI की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। JCB की मदद से चालक को केबिन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी अजीतमल भेजा गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों DCM वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
