औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां अछल्दा थाना क्षेत्र में एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग झांसी से बरेली में आयोजित उर्स में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा (UPEDA) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही।
