श्रावस्ती। इकौना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय इटवरिया में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बदहाल सड़क और बिजली की समस्या के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग बारिश के चलते कीचड़ और जलभराव से भर गया है, जिससे आवागमन कठिन हो गया है।
विद्यालय जाने वाली कच्ची सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। छात्रों का कहना है कि कई बार गड्ढों में फिसलकर बच्चे चोटिल हो चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण नहीं कराया गया।
ग्रामीणों और विद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बारिश और बाढ़ के मौसम में विद्यालय पहुंचना और भी मुश्किल हो जाता है।
इसके अलावा विद्यालय में बिजली व्यवस्था नहीं होने से उमस भरी गर्मी के बीच पढ़ाई और शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
छात्रों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कराने और विद्यालय में बिजली की व्यवस्था जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।
