अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अंबेडकरनगर जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विकासखंड रामनगर स्थित पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल गोविंद साहब में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और जिले को 706.81 करोड़ रुपये की लागत वाली 194 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री टांडा, आलापुर और जलालपुर विधानसभा क्षेत्रों में 158 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 36 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 706.81 करोड़ रुपये है, जिसमें 560.83 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और 145.98 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन योजनाओं के तहत सड़क, पेयजल, बिजली, लोक निर्माण, पर्यटन और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएंगे। टांडा विधानसभा क्षेत्र में 69 परियोजनाओं पर 217.69 करोड़ रुपये, आलापुर में 75 परियोजनाओं पर 312.18 करोड़ रुपये तथा जलालपुर में 50 परियोजनाओं पर 176.93 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
