सीतापुर। जनपद के हरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में एक युवक की मौत के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि युवक खांसी की दवा लेने अस्पताल पहुंचा था। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।
सूचना मिलते ही हरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फिलहाल डॉक्टर पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटा है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
