कुशीनगर। जिले के खड्डा क्षेत्र स्थित सिसवा गोपाल की बड़ी गंडक नहर के पास देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सिसवा गोपाल के पश्चिमी रेगुलेटर से लगभग 500 मीटर आगे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बाइक पर भैंसहा निवासी जितेंद्र और राजन सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर बहोर छपरा निवासी विजय शर्मा तथा सारंग छपरा निवासी रियाज समेत तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तुर्कहा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक विजय शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
