शाहजहांपुर। बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की कानूनी और आर्थिक परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। शाहजहांपुर में उनकी गिरवी रखी गई करोड़ों रुपये की संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने संबंधित संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
बैंक के अनुसार, अभिनेता पर करीब 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का बकाया ऋण है। यह ऋण कथित तौर पर फिल्म “अता पता लापता” के निर्माण के लिए लिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, इस ऋण के लिए राजपाल यादव ने अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को गारंटी के रूप में गिरवी रखा था। इनमें शाहजहांपुर स्थित एक शहरी संपत्ति के साथ गांव की कृषि भूमि और मकान शामिल हैं। इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये बताया गया है।
बैंक ने इन संपत्तियों की 9 सितंबर 2026 को ऑनलाइन नीलामी निर्धारित की है। बैंक अधिकारियों के अनुसार, शाहजहांपुर के अलावा मुंबई स्थित अन्य संपत्तियों के संबंध में भी वसूली की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि राजपाल यादव एक अन्य मामले में भी कानूनी प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। बैंक की इस कार्रवाई के बाद उनकी आर्थिक चुनौतियां और बढ़ सकती हैं। अब निगाहें 9 सितंबर को प्रस्तावित ऑनलाइन नीलामी पर टिकी हैं।
