शाहजहांपुर। कांट कस्बे के चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता लखन प्रताप सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा पर घटना को सांप्रदायिक रंग देने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश का आरोप लगाया है।
लखन प्रताप सिंह ने कहा कि घटना के दिन कुछ लोग कस्बे का माहौल खराब करना चाहते थे और हत्या को हिंदू-मुस्लिम विवाद से जोड़ने का प्रयास किया गया। उनका दावा है कि पुलिस जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश सामने आई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी माहौल को देखते हुए भाजपा इस घटना का राजनीतिक फायदा उठाना चाहती थी। साथ ही उन्होंने मांग की कि दंगा भड़काने की कोशिश करने वाले लोगों और मुस्लिम समुदाय की दुकानों तथा मस्जिद पर पथराव करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
सपा नेता ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि इंसानियत है और पीड़ित किसी भी समाज का होता, तो वह उसके साथ खड़े रहते। उन्होंने मामले के खुलासे को लेकर शाहजहांपुर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस ने निष्पक्ष तरीके से जांच कर कार्रवाई की है।
इसके अलावा लखन प्रताप सिंह ने सरकार की आर्थिक सहायता योजनाओं पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार की घोषणाओं का लाभ धरातल पर लोगों तक नहीं पहुंच रहा।
फिलहाल ये सभी आरोप समाजवादी पार्टी के नेता लखन प्रताप सिंह की ओर से लगाए गए हैं। भाजपा की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
