शाहजहांपुर। थाना कांट क्षेत्र के दिलावरपुर में 31 जुलाई को हुए गौतम मौर्य हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश की साजिश थी। मामले में हत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के आरोप में एक युवती के भाई अश्वनी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को गौतम मौर्य की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मुख्य आरोपी समीर अली को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। इस घटना के विरोध में करीब सात घंटे तक चक्का जाम और हंगामा भी हुआ था। पुलिस पहले ही समीर अली समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विवेचना में पुलिस के सामने आया कि मृतक गौतम मौर्य और मुख्य आरोपी समीर अली दोनों का एक ही युवती से प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि गौतम मौर्य, समीर अली, युवती और उसके भाई अश्वनी को लगातार धमकाता था। इसी रंजिश के चलते अश्वनी ने समीर अली के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे हत्या के लिए उकसाया।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर अश्वनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी भी जारी है।
