चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के परिचारक संतोष मिश्रा ने प्रार्थना सभा के दौरान अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद शिक्षकों और कर्मचारियों की सतर्कता से उन्हें समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि संतोष मिश्रा पिछले दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण मानसिक तनाव में थे। उनका आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के उनका वेतन रोक दिया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय की ओर से चेकिंग के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही थी।
संतोष मिश्रा का कहना है कि केवल उनका ही नहीं, बल्कि विद्यालय के दो लिपिकों और दो अन्य परिचारकों का भी पिछले दो महीने का वेतन लंबित है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घटना के बाद विद्यालय परिसर में कर्मचारियों और शिक्षकों के बीच आक्रोश का माहौल देखने को मिला।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, संतोष मिश्रा ने वेतन भुगतान और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
