गाडरवारा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब शक्कर नदी पुल के पास नदी में एक युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटी का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां और भाई की चीख-पुकार से माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस ने परिजनों को सांत्वना देते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सूत्रों के अनुसार, युवती बीती रात कथित तौर पर घर से बाहर निकली थी। परिजनों ने उसके घर नहीं लौटने पर रात में ही पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने रातभर विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह उसका शव शक्कर नदी में मिला।
फिलहाल पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृत्यु के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं सहित हर कोण से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है
