नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को राजस्थान समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की कई घटनाएं सामने आई हैं, जबकि कई इलाकों में बाढ़ और नदी कटाव से हालात गंभीर बने हुए हैं।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में गुरुवार सुबह लैंडस्लाइड हुई। गौरीकुंड के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के बाद केदारनाथ ट्रैकिंग मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा फिलहाल रोक दी है।
रुद्रप्रयाग में सिल्ली के पास मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ समय के लिए बाधित रहा। वहीं, एक पेट्रोल पंप के पास पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण एक कार मलबे में दब गई। उत्तरकाशी के स्याना चट्टी क्षेत्र और कुपड़ा गांव के पास भी भारी बोल्डर सड़क तक आ पहुंचे। राहत की बात यह रही कि उस समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था।
हरिद्वार में गंगाजल भरने के दौरान एक कांवड़िया गंगा के तेज बहाव में बहने लगा। मौके पर तैनात एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के बलिया में सरयू नदी का कटाव लगातार तेज हो रहा है। नदी का पानी गांवों तक पहुंच गया है, जिसके चलते 100 से अधिक परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। अब तक दो मकान नदी में समा चुके हैं, जबकि कई अन्य मकानों की नींव कटाव से कमजोर हो गई है।
गोंडा जिले में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटाव और तेज हो गया है। इससे कई बीघा कृषि भूमि और दर्जनों पेड़ नदी में समा गए हैं।
उधर, जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश के चलते एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की दीवार गिर गई। वहीं अक्चमल के पास हुए लैंडस्लाइड के बाद कारगिल-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी सलाह का पालन करने की अपील की है।
