नई दिल्ली: मंगलवार को हुई तेज बारिश ने दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। एक ओर मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलभराव और लंबे ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सबसे ज्यादा असर पूर्वी दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में देखने को मिला।
पूर्वी दिल्ली के यमुनापार क्षेत्र में विकास मार्ग, कड़कड़डूमा, गांधी नगर, प्रीत विहार, लक्ष्मी नगर, अशोक नगर, दुर्गापुरी, शाहदरा, दिलशाद गार्डन, भजनपुरा, मौजपुर, सीलमपुर और खजूरी खास समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई जगह लंबा जाम लग गया।
विकास मार्ग और लक्ष्मी नगर में दफ्तर जाने वाले लोगों को घंटों ट्रैफिक में फंसे रहना पड़ा। वहीं कड़कड़डूमा, प्रीत विहार और गांधी नगर में जलभराव के चलते दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए, जिससे यातायात की रफ्तार काफी धीमी हो गई।
गुरुग्राम में महज 40 मिनट की बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर की कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गईं और कई जगह सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
नोएडा और गाजियाबाद में भी हालात कुछ अलग नहीं रहे। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई, जबकि बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भी पानी भरने से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा।
बारिश के बाद सामने आए हालात ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की गई है।
