नेपाल की राजधानी काठमांडू में अचानक खराब हुए मौसम का असर भारत के लखनऊ तक देखने को मिला। रविवार देर रात चीन के ग्वांगझोउ से काठमांडू जा रही चाइना सदर्न एयरलाइंस की उड़ान (CZ 3067) को प्रतिकूल मौसम के कारण लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर डायवर्ट करना पड़ा। यह पहला अवसर माना जा रहा है जब किसी चीनी एयरलाइन का विमान लखनऊ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा।
जानकारी के अनुसार, काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विमान को रात 10:57 बजे लखनऊ की ओर मोड़ दिया गया और यह रात 11:18 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।
एयरबस A320neo विमान में कुल 159 यात्री सवार थे। लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। करीब दो घंटे बाद मौसम में सुधार होने पर विमान को रात लगभग 2 बजे काठमांडू के लिए रवाना कर दिया गया।
इस अप्रत्याशित डायवर्जन के दौरान सभी यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। विमान का सुरक्षित संचालन और समय पर की गई व्यवस्थाएं लखनऊ एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का भी उदाहरण बनीं।
