BTech Student Arrested in Noida
नोएडा।उत्तर प्रदेश के नोएडा में टशन दिखाने के लिए किराए पर ली गई थार गाड़ी एक बीटेक छात्र को भारी पड़ गई। तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए छात्र ने सड़क किनारे खड़ी एक कार और बाइक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान युवराज के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित एक कॉलेज में बीटेक का छात्र है। युवराज अपने तीन दोस्तों के साथ चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए ग्रेटर नोएडा से सिरौली, लोनी (गाजियाबाद) जा रहा था। इसके लिए उसने 4,500 रुपये में थार गाड़ी किराए पर ली थी।
मंगलवार शाम अल्फा-1 सेक्टर में युवराज ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी आई-टेन कार और पास में खड़ी एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आरोपी थार लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में युवराज ने कबूल किया कि वह शादी में रुतबा दिखाने के लिए थार लेकर निकला था। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना के बाद मौके से फरार होने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
