बहराइच। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हरदी पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष आलोक सिंह के नेतृत्व में थाना हरदी पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी सिसैय्या की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध असलहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वर्मापुरवा, औराही जागीर स्थित बबूल की बगिया में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम इन्दल पुत्र सुकई निवासी ग्राम वर्मापुरवा, औराही जागीर, थाना हरदी, जनपद बहराइच बताया।
तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह उक्त तमंचा नेपाल से लेकर आया था।
बरामदगी के आधार पर थाना हरदी में मु.अ.सं. 233/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध थाना रामगांव में चोरी, चोरी के माल की बरामदगी, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार, कांस्टेबल मुकेश मौर्य एवं कांस्टेबल राकेश कुमार शामिल रहे।
