Illegal Pistol Manufacturing Unit Busted in Meerut, Two Arrested in SWAT Team Raid
मेरठ।ग्राम पंचायत चुनाव से पहले अवैध हथियारों की आपूर्ति की साजिश को मेरठ पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एसपी सिटी की SWAT टीम और लोहिया नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ताज गार्डन इलाके में किराए के एक गोदाम में चल रही अवैध पिस्टल फैक्ट्री का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बड़ी मात्रा में तैयार और अधबने हथियार बरामद किए गए हैं।
एसएसपी/डीआईजी डॉ. विपिन ताडा ने प्रेस वार्ता में बताया कि SWAT टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लोहिया नगर क्षेत्र में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान गोदाम के भीतर हथियार बनाते हुए आमिर पुत्र नूर इलाही, निवासी नूर वाली गली, थाना लिसाड़ी गेट को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से पुलिस ने 32 बोर की पांच पिस्टल, दो तैयार मैगजीन, 99 अधबनी मैगजीन, हथियार बनाने के उपकरण और 6,500 रुपये नकद बरामद किए।
वहीं दूसरे आरोपी रिहान पुत्र सागर, निवासी डी-ब्लॉक समर कॉलोनी, थाना लिसाड़ी गेट को खरखौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, 3,500 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ताज गार्डन इलाके में गोदाम किराए पर लेकर अवैध शस्त्र फैक्ट्री संचालित कर रखी थी। कच्चा माल अलग-अलग जगहों से मंगाया जाता था और गोदाम में ही पिस्टल तैयार की जाती थीं। एक पिस्टल बनाने में लगभग पांच दिन का समय और करीब पांच हजार रुपये की लागत आती थी, जिसे 25 से 30 हजार रुपये में बेचा जाता था।
आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि तैयार हथियार आमिर पुत्र रहीमुद्दीन, अमजद उर्फ बॉबी और साजिद अंसारी को सप्लाई किए जाते थे। सभी आरोपी आपस में मुनाफा बांटते थे, जबकि गोदाम मालिक को भी हिस्सेदारी दी जाती थी।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आमिर के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत लोहिया नगर और लिसाड़ी गेट थानों में तीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रिहान वर्ष 2022 में भी अवैध शस्त्र फैक्ट्री के मामले में जेल जा चुका है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें गोदाम मालिक इरफान भी शामिल है। अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
