नरसिंहपुर: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। सेवानिवृत्त सहायक राजस्व निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के यहां हुई छापेमार कार्रवाई के बाद अब जांच बैंक खातों और लॉकर तक पहुंच गई है।
जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद योगेंद्र ढिमोले के निवास पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान गाडरवारा और लखनादौन में मकान, प्लॉट, कृषि भूमि, बेटे के नाम दुकान, कार, थार वाहन, तीन मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर-ट्रॉली, मिक्सर मशीन सहित अन्य चल-अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई थी। घर से मिले नकदी और आभूषणों का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार, जांच में अब तक लगभग 2.36 करोड़ रुपये की अनुमानित अनुपातहीन संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि, यह जांच का प्रारंभिक आकलन है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जांच एजेंसी ने योगेंद्र ढिमोले और उनके परिवार से जुड़े कई बैंक खातों को फिलहाल सीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों के नाम संचालित आठ बैंक खातों की विस्तृत जांच की जा रही है।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों के अनुसार, आज लखनादौन स्थित बैंक में उनकी पत्नी गीता ढिमोले के नाम संचालित बैंक लॉकर खोला जाएगा। लॉकर से प्राप्त सामग्री की जांच कर उसे प्रकरण का हिस्सा बनाया जाएगा।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और ईओडब्ल्यू सभी वित्तीय दस्तावेजों तथा संपत्तियों का सत्यापन कर रही है।
