चंडीगढ़: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में शनिवार शाम एक इमारत गिरने से अफरा-तफरी मच गई। होटल द फर्न के पास हुए इस हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
चंडीगढ़ के मेयर Saurabh Joshi ने बताया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच भवन गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
प्रारंभिक अभियान के दौरान तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं दो अन्य लोग मलबे में गंभीर स्थिति में फंसे हुए थे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने विशेष उपकरणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला।
मेयर के अनुसार, मलबे से निकाले गए दोनों घायलों में एक व्यक्ति बेहोश था, जबकि दूसरा प्रतिक्रिया दे रहा था। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि भवन गिरने के कारणों की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मानसून के मद्देनजर शहर की जर्जर इमारतों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
