BJP Spokesperson Shehzad Poonawalla’s Mother Injured in Hit-and-Run Incident in Pune
नई दिल्ली/पुणे। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां पुणे में हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। आरोप है कि एक कार चालक ने जानबूझकर उन्हें टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
इस घटना को लेकर शहजाद पूनावाला ने गहरी नाराज़गी जताते हुए कहा है कि उनकी मां पर कार चढ़ाई गई और इसके पीछे साज़िश की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा कि उनकी मां की हालत गंभीर है और उनकी सर्जरी होनी है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की। उन्होंने लिखा, “मेरी मां बेहद दयालु और नेक इंसान हैं। इस उम्र में उनके साथ ऐसा होना मेरे लिए असहनीय है। मेरा खून खौल उठता है।”

इस घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से X पर जारी बयान में कहा गया कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इसकी सख्त जांच के निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने शहजाद पूनावाला से फोन पर बात कर उनकी मां के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
वहीं, शहजाद पूनावाला के भाई और राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने भी इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने बताया कि उनकी मां अपने ड्राइवर और एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के साथ थीं और जब उनकी गाड़ी में पेट्रोल भरवाया जा रहा था, तभी वह सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान एक कार ने उन्हें टक्कर मारी और चालक फरार हो गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
