बुरहानपुर: जिले की नेपानगर पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का चोरी किया गया लोहे का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रवीण काटकर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ताप्ती पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का लोहे का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने सातपायरी स्थित गिट्टी खदान से दो लोहे के गर्डर और दो जालीदार गेट चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
