बुरहानपुर: जिले के धुलकोट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के चलते बसाली-गढ़ताल नदी उफान पर आ गई, जिससे नदी पर बनी पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई। पुलिया के जलमग्न होने से बसाली, गढ़ताल और सोलाबर्डी गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया।
नदी का जलस्तर बढ़ने से तीनों गांवों का आवागमन बंद हो गया। पुलिया के दोनों ओर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ग्रामीणों और राहगीरों को घंटों तक पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है। नदी में जलस्तर बढ़ते ही पुलिया डूब जाती है और गांवों का संपर्क कट जाता है। उनका आरोप है कि वर्षों से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर ऊंचे पुल या स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के मौसम में आवागमन बाधित न हो और लोगों को बार-बार मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
फिलहाल प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है। हालांकि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
