दमोह। जिले के खेजरा गांव में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया। मृतक के परिजनों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात खेजरा गांव निवासी हल्ले भाई पिता छप्पन सिंह अपने घर में चल रहे कूलर को बंद करने गए थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल हटा लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि मृतक के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर में फॉल्ट होने के कारण आसपास करंट फैल गया था। इसी वजह से कूलर में करंट आ गया और हल्ले भाई हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि इसी फॉल्ट के कारण गांव की एक महिला को भी करंट लगा है।
घटना की सूचना मिलते ही रविवार सुबह पुलिस सिविल अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिजनों ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
