छिंदवाड़ा। जिले के चौरई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, हर्ष यादव (22) पुत्र रवि यादव, प्रहलाद उईके (25) पुत्र केशलाल उईके तथा सत्यम वर्मा पुत्र विजयराम वर्मा, तीनों निवासी फुटेरा, मोहगांव खुर्द, शनिवार रात करीब 10:30 बजे जामसांवरी से बाइक पर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिद्धिविनायक लॉन के सामने किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्ष यादव और प्रहलाद उईके की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सत्यम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही चौरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे से फुटेरा और मोहगांव खुर्द गांवों में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
