ED Conducts Major Raids in Coal Smuggling Case, Searches at 9 Locations Including Kolkata and Durgapur
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार सुबह, 3 फरवरी 2026, को राज्य के कई इलाकों में एक साथ छापेमारी शुरू की। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमें कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और बर्द्धमान समेत कुल नौ ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य कोयला तस्करी से अर्जित काले धन के लेन-देन के नेटवर्क का खुलासा करना है। ईडी को आशंका है कि तस्करी से कमाई गई भारी रकम को हवाला के जरिए इधर-उधर किया गया। इसी वित्तीय ट्रेल को खंगालने के लिए एजेंसी डिजिटल डेटा, बैंक दस्तावेजों और अन्य अहम रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
दुर्गापुर में बालू कारोबारियों पर भी शिकंजा
कोलकाता के साथ-साथ दुर्गापुर में भी ईडी ने सुबह करीब 6 बजे से कार्रवाई शुरू की। सेपको टाउनशिप में एक बालू कारोबारी के आवास पर छापा मारा गया है। इसके अलावा सिटी सेंटर इलाके की आंबेडकर सरणी स्थित एक संदिग्ध मकान की भी तलाशी ली जा रही है।
ईडी की टीमें पांडवेश्वर और कांकसा क्षेत्रों में एनएच-19 (नेशनल हाईवे) के पास स्थित कई ठिकानों पर भी छापेमारी कर रही हैं।
जांच में सामने आया है कि ये कारोबारी अजय और दामोदर नदी से बालू खनन के कारोबार से जुड़े हुए हैं। आरोप है कि वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन किया गया। जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल किया गया और बीरभूम जिले के चालान दिखाकर पश्चिम बर्द्धमान से बालू की तस्करी की गई।
ईडी का दावा है कि इन अवैध गतिविधियों के जरिए कारोबारियों ने बेहद कम समय में अकूत संपत्ति अर्जित की। फिलहाल छापेमारी जारी है और कई अहम दस्तावेजों की बरामदगी की जानकारी सामने आ रही है।
