शिवपुरी/खनियांधाना। शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खनियांधाना में प्रशासन ने कोचिंग सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अग्नि सुरक्षा और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खनियांधाना तहसीलदार निशिकांत जैन ने प्रशासनिक टीम के साथ नगर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई संस्थानों में शासन की गाइडलाइंस, विशेषकर अग्नि सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान एक और मामला सामने आया, जिसमें कुछ कोचिंग सेंटरों में शासकीय शिक्षक निजी कोचिंग संचालित करते या पढ़ाते हुए पाए जाने की बात सामने आई। इस संबंध में प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल ही में शासकीय सांदीपनि विद्यालय में पदस्थ एक शिक्षक का कथित रूप से निजी कोचिंग पढ़ाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। प्रशासनिक कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद संबंधित कोचिंग सेंटर बंद मिलने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कोचिंग संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं शासकीय शिक्षकों से जुड़े आरोपों की भी संबंधित विभाग द्वारा जांच कराई जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद नगर में संचालित अन्य कोचिंग संस्थानों में भी हलचल है। शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर अभिभावकों और स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा।
