“Self-Confidence Makes Everything Possible”: PM Modi After India–US Trade Deal
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मविश्वास को सफलता की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा है कि यही शक्ति विकसित भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी। पीएम मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह बात साझा की।
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब भारत और अमेरिका के बीच एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हुआ है।
पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में नागरिकों के आत्मविश्वास को देश की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जनता की यही ताकत भारत को विकास के नए शिखर तक ले जाएगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें बताया गया है कि धन नेक कर्मों से अर्जित होता है। श्लोक के भावार्थ के अनुसार, धन साहस और आत्मविश्वास से बढ़ता है, कौशल और दक्षता से स्थिर रहता है और अनुशासन के साथ सुरक्षित रहकर राष्ट्र की उन्नति में योगदान देता है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक्स पर पोस्ट कर भारत-अमेरिका ट्रेड डील की जानकारी दी थी। ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना “सबसे अच्छा दोस्त” बताते हुए कहा कि यह समझौता आपसी सम्मान और दोस्ती के आधार पर हुआ है।
ट्रंप ने यह भी कहा कि पीएम मोदी के आग्रह पर भारत पर लगाए गए पारस्परिक शुल्क को कम करने का फैसला लिया गया। हालांकि, इस पर पहले भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया था, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री मोदी के पोस्ट से बातचीत और समझौते की पुष्टि हो गई।
