छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक मजदूर घायल हो गए। हादसा लावाघोगरी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब यूरिया से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक मजदूरों से भरी पिकअप वाहन से टकरा गया।
जानकारी के अनुसार, मछेरा गांव के मजदूर एक पिकअप वाहन में सवार होकर पुनर्नवा क्षेत्र में सब्जी तोड़ने के लिए जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे यूरिया से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर-दूर तक जा गिरे। हादसे में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में 20 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एक-एक लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
इस दर्दनाक दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल मजदूरों के परिवार अस्पतालों के बाहर चिंतित नजर आ रहे हैं।
