हरदोई। जिले के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। धरौली गांव के रहने वाले किसान बलविंदर सिंह को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय बलविंदर सिंह पुत्र लखबीर सिंह चक्की से आटा लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए KGMU ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि 21 बीघा जमीन को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह हमला किया गया है। उन्होंने रामशंकर विश्वकर्मा पर घटना को अंजाम दिलाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घायल किसान का लखनऊ में उपचार जारी है, जबकि पुलिस फायरिंग की इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हुई है।
