सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में मिले अज्ञात शव की पहचान आखिरकार 10 दिन बाद हो गई है। दो बोरों में बंधी मिली लाश की शिनाख्त होने के बाद पुलिस अब हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले तिवरागुड़ी गांव के सरनापारा क्षेत्र में दो बोरों में बंधा हुआ एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव की हालत और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू की थी।
लगातार प्रयासों के बाद मृतक की पहचान 45 वर्षीय शिव प्रसाद सिंह (गोंड) निवासी चिरमी बचरापोड़ी, थाना बैकुंठपुर के रूप में हुई है। मृतक की शिनाख्त उसके छोटे भाई ने कपड़ों और शरीर पर मौजूद चोट के निशानों के आधार पर की।
पुलिस के अनुसार, पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का नियमानुसार कफन-दफन कर दिया गया है। वहीं अब जांच का फोकस हत्या के कारणों और अपराध में शामिल लोगों तक पहुंचने पर है।
मामले को पुलिस अंधे कत्ल के रूप में जांच रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मृतक के पारिवारिक और सामाजिक संबंधों तथा उसके अंतिम समय की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
शव की पहचान होने के बाद परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पहचान होने के बाद जांच को नई दिशा मिलेगी और हत्या के पीछे की सच्चाई जल्द सामने आ सकेगी।
