Two Arrested For Petrol Bomb Attack On RSS Office, Ranchi Police Solves Case In 18 Hours
रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के मामले में रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के महज 18 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों पर रांची स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों से फिलहाल एक गुप्त स्थान पर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि घटना के पीछे उनका उद्देश्य क्या था और क्या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता है।
रांची पुलिस की एसआईटी टीम ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी बरामद कर लिया है। वाहन की जांच के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का विस्तृत खुलासा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि प्रेस वार्ता में घटना की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और जांच से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं हैं।
