Mutilated Body Tied With Stone Found In Abandoned Mine Pond, Murder Suspected
सूरजपुर। जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में स्थित एसईसीएल की बंद खदान की पोखरी में एक अज्ञात व्यक्ति की हाथ कटी और पत्थर से बंधी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा और संसाधनों की कमी के कारण शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार, एसईसीएल की बंद खदान क्रमांक 5-6 की पोखरी में एक शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और डीडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और शव को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
डीडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार, शव के दोनों हाथ कटे हुए दिखाई दे रहे हैं और शव पत्थर से बंधा हुआ है। वहीं पुलिस का कहना है कि शव को रस्सी के सहारे बाहर निकालने का प्रयास किया गया था, लेकिन रस्सी टूट जाने से शव और अधिक गहराई में चला गया।
अंधेरा बढ़ने और पर्याप्त संसाधनों की अनुपलब्धता के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। पुलिस ने बताया कि अब अगले दिन सुबह नाव और अन्य आवश्यक उपकरणों की मदद से दोबारा तलाशी अभियान चलाया जाएगा और शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा।
शव की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव लगभग 7 से 10 दिन पुराना हो सकता है। ऐसे में शव की पहचान करना और घटना की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
इस घटना ने एक ओर जहां क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं सीमित संसाधनों के साथ चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होते तो शव को उसी दिन बाहर निकाला जा सकता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। शव बरामद होने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों तथा संभावित आरोपियों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
