रांची। झारखंड की राजधानी रांची से एक बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर कथित रूप से पेट्रोल बम से हमला किए जाने की सूचना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रांची विधायक सी.पी. सिंह तथा रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ भी आरएसएस कार्यालय पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों द्वारा कार्यालय परिसर को निशाना बनाते हुए पेट्रोल बम फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को भी एहतियातन बढ़ा दिया गया है।
फिलहाल घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
