Friend Shoots Dalit Youth Dead In Moradabad, Another Seriously Injured
मुरादाबाद। मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव खनुपुरा में एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही दोस्त पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय अंकित पुत्र कल्लू अपने साथियों के साथ खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने पर फायरिंग की घटना हुई। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना में अजीत नामक एक अन्य युवक भी गोली लगने से घायल हुआ है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी विशाल चौधरी और मृतक के बीच कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना के बाद आरोपी विशाल चौधरी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।
