Late-Night Violence Erupts in Kolkata, Bombing and Firing Leave 2 Injured, 10 Arrested
नई दिल्ली।पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया। दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क इलाके में हुई इस घटना के दौरान बम फेंके गए और गोलीबारी भी हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रबींद्र सरोबर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह हिंसा रविवार रात करीब 8:30 बजे कनकुलिया रोड पर शुरू हुई। कुछ युवाओं के एक समूह के वहां पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई और फिर मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते पत्थरबाजी, बमबाजी और फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
हिंसक भीड़ ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाने की कोशिश की। हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक नेता ने मौके का दौरा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
