One Killed, Four Injured In Violent Clash Over Buffalo Tethering Dispute
जौनपुर में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक की मौत से गांव में तनाव
जौनपुर। जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। भैंस बांधने को लेकर शुरू हुए विवाद में हुई मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के दौरान दोनों ओर से मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि भैंस बांधने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है।
