Father And Son Die After Falling Into Well During Motor Retrieval Operation
दमोह में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरने से पिता-पुत्र की मौत
दमोह। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाकला में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई। कुएं से मोटर निकालने के दौरान रस्सी टूट जाने से दोनों कुएं में गिर गए, जिससे उनकी जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, रामदयाल ठाकुर (55) और उनके पुत्र संजय ठाकुर (35) कुएं से मोटर निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मोटर को ऊपर खींचने के लिए इस्तेमाल की जा रही रस्सी अचानक टूट गई। संतुलन बिगड़ने से दोनों सीधे कुएं में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पथरिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि मृतक संजय ठाकुर पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण रस्सी का टूटना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
