Car theft in a posh colony of Moradabad exposed
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की एक पॉश कॉलोनी में कार चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कार चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक कार को निशाना बनाया और पूरी योजना के तहत उसे चुरा ले गए। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज पास के एक घर में लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है, जो अब सामने आ चुका है।
जानकारी के मुताबिक, दो चोर स्कूटी पर सवार होकर काफी देर तक कॉलोनी में घूमते रहे और रेकी करते रहे। इसके बाद मौका पाकर उन्होंने घर के बाहर खड़ी कार को चोरी कर लिया। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई कार भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लामुद्दीन के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद का रहने वाला है। वहीं दूसरा आरोपी, जो बागपत का निवासी बताया जा रहा है, फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की कार के अलावा कई फर्जी नंबर प्लेट और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस्लामुद्दीन एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ दिल्ली में पहले से ही 11 मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का कोई संगठित गिरोह तो नहीं है।
