Datia Police Arrests Four Youths With Illegal Firearm During Special Checking Drive
दतिया में सघन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियार के साथ चार युवक गिरफ्तार
दतिया। जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष सघन चेकिंग अभियान के दौरान दतिया पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अभियान के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में जिलेभर में 12 प्रमुख चेकिंग प्वाइंट बनाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई। इसी दौरान सेवढ़ा चुंगी चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ने चार युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध कट्टा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। 13 वाहनों से काली फिल्म हटवाई गई, दो वाहनों से अवैध हूटर जब्त किए गए तथा छह वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर हटाकर कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट और दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कुल 69 चालान बनाते हुए 36 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूल किया। जिलेभर में चले इस अभियान से वाहन चालकों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
अवैध हथियार के साथ आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने टीम को 10 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
