8-Foot Snake Rescued From Madhya Pradesh Minister Dilip Ahirwar's Residence in Chhatarpur
छतरपुर में मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के सरकारी बंगले में उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में एक विशालकाय सांप दिखाई दिया। करीब 8 फीट लंबे सांप को देखकर बंगले में मौजूद कर्मचारियों और परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सर्पमित्र मौके पर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के छतरपुर स्थित निवास परिसर में अचानक एक बड़ा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही वहां मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत स्थानीय सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही आकाश सिंह राठौड़ मौके पर पहुंचे और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 8 फीट लंबे सांप को उन्होंने महज 5 मिनट के भीतर सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं हुआ।
सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद बंगले में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। सर्पमित्र आकाश सिंह राठौड़ ने बताया कि सांप को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है।
इस सफल रेस्क्यू की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। वहीं वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय प्रशिक्षित सर्पमित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों और लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
