India Extends Lifeline to Africa Again, Sends 43 Tons of Medical Aid Amid Ebola Crisis
अफ्रीका के कई देशों में इबोला के बढ़ते प्रकोप के बीच भारत ने एक बार फिर मानवीय सहायता का बड़ा उदाहरण पेश किया है। भारत सरकार ने अफ्रीका के रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (Africa CDC) को 43 टन मेडिकल सहायता की दूसरी खेप भेजी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो रही है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस सहायता अभियान की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भेजी गई सामग्री में प्रोटेक्टिव गियर, डायग्नोस्टिक और मॉनिटरिंग उपकरण, दवाइयां तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सप्लीमेंट्स शामिल हैं। जयशंकर ने कहा कि यह दूसरी खेप अफ्रीका की सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों को और मजबूत करेगी तथा इबोला जैसी स्वास्थ्य आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ाएगी।
इससे पहले Africa CDC ने भी भारत की इस सहायता का स्वागत किया था। संस्था ने कहा कि भारत द्वारा उपलब्ध कराई गई आपातकालीन चिकित्सा सामग्री और स्वास्थ्य सहायता पूर्वी डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC) में चल रहे इबोला नियंत्रण प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी। यह सहायता युगांडा स्थित Africa CDC के पूर्वी क्षेत्रीय समन्वय केंद्र के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाई गई।
Africa CDC के अनुसार, भारत की ओर से मिली यह मदद इबोला के प्रसार को रोकने और प्रभावित समुदायों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। संस्था ने भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत ने अफ्रीका के साथ अपनी एकजुटता और प्रतिबद्धता को फिर साबित किया है।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब भारत ने अफ्रीकी देशों की स्वास्थ्य चुनौतियों के दौरान सहायता का हाथ बढ़ाया हो। लगातार दूसरी बार भेजी गई यह बड़ी मेडिकल खेप वैश्विक स्वास्थ्य सहयोग और मानवीय साझेदारी के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
