DM Cracks Down On Illegal Hospitals And Clinics In Fatehpur
फतेहपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि बिना पंजीकरण और लाइसेंस के संचालित सभी चिकित्सा संस्थानों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि अवैध अस्पताल और क्लीनिक लोगों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी अनरजिस्टर्ड और अनलाइसेंस अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब्स तथा क्लीनिकों को चिन्हित कर तत्काल बंद कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पंजीकृत अस्पतालों में योग्य चिकित्सक उपलब्ध हों तथा वहां उपयोग की जा रही दवाएं और चिकित्सा उपकरण नियमानुसार पंजीकृत हों।
बैठक में जिलाधिकारी ने नियमित निरीक्षण अभियान चलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों की लगातार निगरानी की जाए ताकि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
सीएमओ को निर्देशित किया गया कि जनपद के सभी पंजीकृत अस्पतालों की सूची तत्काल ब्लॉक स्तर के चिकित्सा अधिकारियों (एमओआईसी) को उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद प्रत्येक क्षेत्र में संचालित अवैध चिकित्सा संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ सीलिंग और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद जिले में बिना अनुमति संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों में हड़कंप का माहौल है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
