School Principal Found Dead Inside Campus Washroom In Burhanpur
बुरहानपुर। जिले के शाहपुर संकुल अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भावसा में रविवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संजय सोनवणे का शव स्कूल परिसर के बालक शौचालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, संजय सोनवणे रविवार दोपहर अपने घर से निकले थे और विद्यालय की ओर गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क करने के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
इसी बीच कुछ ग्रामीण युवक विद्यालय परिसर में पहुंचे और वहां तलाश शुरू की। स्कूल के बालक शौचालय का दरवाजा खोलने पर अंदर संजय सोनवणे का शव फंदे पर लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घटना की खबर फैलते ही शिक्षा विभाग, विद्यालय स्टाफ और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। संजय सोनवणे को एक समर्पित शिक्षक और जिम्मेदार प्रशासक के रूप में जाना जाता था, जिसके चलते उनके निधन की खबर से क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है।
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अटकलों से बचें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।
