UP B.Ed Joint Entrance Exam To Be Held In Auraiya Under Tight Security
औरैया। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 आज जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त निगरानी के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के निर्देशन में जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। इस वर्ष औरैया में कुल 1422 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में फोटो कॉपी और संबंधित दुकानों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है।
तिलक महाविद्यालय औरैया के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रवि कुमार को परीक्षा का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और आवश्यक पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।
