Datia Police Bust Illegal Arms Manufacturing Unit, Key Accused Arrested
मध्यप्रदेश: के दतिया जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उनाव थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने की एक मिनी फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है और मुख्य आरोपी अब्दुल रशीद उर्फ पप्पू वेल्डर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शिवहरे और एसडीओपी भांडेर पूनम चंद्र यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी गुप्त रूप से हथियार बनाने और उनकी सप्लाई करने के काम में लगा हुआ है।
सूचना के आधार पर थाना उनाव पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 315 बोर के कट्टे, अधबने हथियार, लोहे की नाल, स्प्रिंग, रॉड, वेल्डिंग मशीन, होल मशीन समेत हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए गए।
जांच में सामने आया है कि आरोपी काफी समय से अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई के कारोबार में सक्रिय था। पुलिस ने बताया कि इसी मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी नवलकिशोर झा के कब्जे से भी तीन कट्टे, एक पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। अब पुलिस इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है कि अवैध हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस कारोबार में और कौन-कौन शामिल है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उनाव उपनिरीक्षक यतेन्द्र भदौरिया और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
