Car Falls into Drain in Ghaziabad, Five Youths Escape by Breaking Window Glasses
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में गुरुवार रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरे नाले में गिर गई। हादसा रेलवे फाटक से हनुमानपुरी जाने वाले मार्ग पर हुआ, जब कार चालक ने अचानक सामने आए एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश की। कार में सवार पांचों युवक आगे और पीछे की खिड़कियों के शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच सकी।
हादसे में शामिल युवक गांव खंजरपुर कॉलोनी निवासी रोहित कुमार और विकास कुमार तथा गांव चुड़ियाला निवासी सौरभ, गौरव और सुजीत बताए गए हैं। सभी युवक गुरुवार को कार से किसी काम से मेरठ गए थे और रात में लौटते समय दिल्ली-मेरठ मार्ग के बजाय मोदीनगर तहसील से हनुमानपुरी मार्ग से आ रहे थे। डॉ. केएन मोदी ग्लोबल स्कूल के आगे अचानक बाइक सवार के आ जाने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में जा गिरी।
सड़क क्षतिग्रस्त होने से बढ़ा हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत खराब होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। गनीमत रही कि सभी युवक समय रहते खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकल आए, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह नाला गांव से होकर गुजरने वाला मुख्य नाला बताया जा रहा है।
दो फीट तक पानी में डूबी रही कार
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद कार करीब दो फीट तक पानी में डूब गई थी। कार सवार युवकों को बाहर निकलने में लगभग 20 मिनट का समय लगा। सभी को मामूली चोटें आई हैं। शुक्रवार सुबह क्रेन की मदद से कार को नाले से बाहर निकाला गया।
