Uncle Attacked By Nephews In Garhakota Family Dispute
सागर: Sagar जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। परिवार के भीतर हुए विवाद के बाद भतीजों ने अपने ही चाचा पर चाकू और बेसबॉल डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले गढ़ाकोटा अस्पताल और बाद में सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना गढ़ाकोटा के जवाहर वार्ड की बताई जा रही है। घायल मनोज खटीक की पत्नी उमारानी खटीक ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 18 मई 2026 की शाम उनके पति का विवाद जेठानी शिवरानी खटीक और उनके बेटे कृष खटीक से हुआ था। इस मामले में थाना गढ़ाकोटा में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के दौरान पुलिस को जान से मारने की धमकी की जानकारी भी दी गई थी, लेकिन इसे घरेलू विवाद मानकर गंभीरता से नहीं लिया गया।
आरोप है कि देर रात शिवरानी खटीक ने अपने बेटे सोनू खटीक, कृष खटीक और उनके दो साथियों विशाल पटेल व अनुज मिश्रा को बुलाया। इसके बाद सभी ने मिलकर मनोज खटीक और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान मनोज खटीक के सीने में चाकू मार दिया गया, जबकि बेसबॉल डंडों से भी जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद परिजन घायल को तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर के रॉय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल आईसीयू में भर्ती है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को चारों आरोपियों के नाम बताए थे, लेकिन रिपोर्ट में दो आरोपियों के नाम शामिल नहीं किए गए। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें लगातार व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकियां मिल रही हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। गढ़ाकोटा थाना प्रभारी शुभम दुबे ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।
