सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने दी जान से मारने की धमकी,
नई दिल्ली: देश के मशहूर बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर बी प्राक को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जान से मारने की धमकी दी। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बी प्राक से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। गैंग के द्वारा सिंगर बी प्राक के साथी दिलनूर को कॉल करके 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। गैंग के द्वारा एक हफ्ते में पैसे देने के लिए कहा गया है। इस मामले में मोहाली में शिकायत दर्ज कराई गई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी मांगने वाले कॉलर ने खुद का नाम आरजू बिश्नोई बताया है। बी प्राक को दी गई धमकी में कहा गया है कि “10 करोड़ रुपए दो, नहीं तो मिट्टी में मिला देंगे।”
क्या है पूरा मामला?
पंजाबी सिंगर दिलनूर ने धमकी भरा कॉल आने के बाद SSP मोहाली के पास शिकायत दर्ज कराई है। उनकी शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया और दिलनूर से कहा कि वह अपने दोस्त, बॉलीवुड और पंजाबी सिंगर बी प्राक को बताएं कि वह 10 करोड़ रुपये की फिरौती दे दें, नहीं तो एक हफ्ते के अंदर बुरे नतीजे होंगे।
बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई देश का कुख्यात गैंगेस्टर है, जो इस समय जेल में बंद है और वहां से ऑपरेट करता है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी लॉरेंस का नाम सामने आया था।
