Dense Fog Triggers Major Accident on Bundelkhand Expressway in Auraiya
औरैया: घने कोहरे के चलते बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मिहोली गांव के पास यह दुर्घटना हुई, जहां पहले से पलटा हुआ मोरम लदा ट्रक हादसे की बड़ी वजह बना।
ट्रक के पलटने से सड़क पर लंबा जाम लग गया था और कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। पीछे से आ रहे वाहन समय रहते ब्रेक नहीं लगा सके, जिसके चलते एक के बाद एक कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर के दौरान तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा।

हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से 50 सैया जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों ने गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को बहाल कराया।
