Video of Minors Selling Liquor at Grocery Shop Goes Viral
बुरहानपुर: जिले के नेपानगर तहसील अंतर्गत सोनूद गांव में किराना दुकान से नाबालिग बच्चों द्वारा शराब बेचने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छोटे बच्चे दुकान पर शराब देते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि मीडिया इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वीडियो सामने आने के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में खुलेआम किराना दुकानों से शराब बेची जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे बैठा है।
मामले की जानकारी मिलने पर नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने आबकारी विभाग को वीडियो की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि विभाग सिर्फ जांच तक सीमित रहता है या अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई भी करता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो नेपानगर तहसील के सोनूद गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में किराना दुकान के भीतर नाबालिग बच्चे शराब बेचते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों में लंबे समय से किराना दुकानों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिसकी जानकारी आबकारी विभाग को भी है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से ऐसे कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिग बच्चों को इस तरह शराब बिक्री में शामिल करना कानूनन अपराध है और इससे बच्चों के भविष्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एक तरफ सरकार नशामुक्ति अभियान चलाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक्री के आरोप सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है। अब लोगों की नजर प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
